दरभंगा जिले में 8 वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या की क्रूर घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। आरोपी द्वारा शव को पटवा तालाब किनारे फेंकने के बाद आक्रोशित लोगों ने रविवार सुबह सड़क जाम कर हिंसा की, जिसमें पुलिस पर पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई। पुलिस ने 30 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम को आरोपी विकास महतो, जो टेम्पो चलाता था, तालाब किनारे खेल रही तीन बच्चियों में से पीड़िता बच्ची को जबरदस्ती हाथ पकड़कर ले गया। दो अन्य बच्चियों ने यह देखा, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि आरोपी दुष्कर्म के बाद हत्या कर देगा। वे समझे कि पड़ोस का ही व्यक्ति है। देर रात तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोज शुरू की। तालाब किनारे कुत्तों के लगातार भौंकने पर लोगों ने जांच की तो खून से लथपथ बच्ची का शव मिला।
बताया जा रहा है कि आरोपी विकास महतो ने तीन शादियां की थीं, लेकिन नशे की लत के कारण तीनों पत्नियां उसे छोड़कर चली गईं। वह अपने माता-पिता के साथ रहता था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार करवा दिया गया है।
पढ़ें- Bihar News: फरार चल रहे वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर हमला, दारोगा घायल; आठ नामजद समेत कई पर FIR
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बेला मोड़ के पास सड़क जाम कर आरोपी को जनता के हवाले करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, गाड़ियों के शीशे तोड़े और आगजनी की। स्थिति बिगड़ने पर जिलाधिकारी कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने खुद मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति नियंत्रित की।
विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष के बयान पर 30 नामजद और 200 अज्ञात उग्रवादियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उग्रवादियों की पहचान की जा रही है। इलाका अब शांत है। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच पूरी कर शीघ्र चार्जशीट दाखिल की जाएगी। कोर्ट से स्पीडी ट्रायल के लिए अनुरोध कर आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
वहीं, 30 नामजद लोगों में से रविवार की देर रात छह आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। बीती रात एसडीपीओ राजीव कुमार के नेतृत्व में विश्वविद्यालय सहित कई थानों की पुलिस ने इलाके में छापामारी कर 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।