बिहार के बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की तत्परता के कारण एक महिला यात्री की जान बच गई। इस साहसिक कार्रवाई का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना रविवार सुबह प्लेटफार्म नंबर 01 पर घटी। सुबह करीब 09:47 बजे कटिहार-पटना इंटरसिटी (गाड़ी संख्या 15713 अप) स्टेशन पर पहुंची। निर्धारित समय 09:50 बजे ट्रेन खुलते ही एक महिला जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने लगी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच फंसकर घसीटने लगी। इससे वहां अफरातफरी मच गई।
आरपीएफ जवान की बहादुरी से बची जान
इस संकट की घड़ी में ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ दिवस अधिकारी, उप-निरीक्षक संजय कुमार सहनी ने तुरंत स्थिति का अंदाजा लगाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने बिना समय गंवाए उसे ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच से खींचकर बचाया। उनकी बहादुरी को देखकर वहां मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली और तालियों से उनका हौसला बढ़ाया।
सीतामढ़ी से सफर कर रही थी महिला
बाद में पूछताछ में महिला ने अपना नाम देवंती देवी (45 वर्ष) और पति का नाम दुर्गा शाह बताया। वह बाजपट्टी क्षेत्र की रहने वाली हैं और अपने परिवार के साथ सीतामढ़ी से यात्रा कर रही थीं। देवंती देवी बेगूसराय से राजेंद्र नगर टर्मिनल जाने के लिए ट्रेन पकड़ रही थीं, तभी यह हादसा होने वाला था।
ये भी पढ़ें:
संजय सरावगी के घर पहुंचे चिराग पासवान और गिरिराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष की मां को दी श्रद्धांजलि
'थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है'
महिला को बचाने के बाद आरपीएफ पोस्ट कमांडर निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने यात्रियों को चेतावनी दी कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा, 'थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।'