वैशाली जिले के घोरावल थाना क्षेत्र अंतर्गत रसूलपुर गांव में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दूसरी छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों सहेलियां रोज की तरह कोचिंग पढ़ने जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मृतक और घायल छात्रा की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाली छात्रा की पहचान गोरौल थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी शेखर राम की पुत्री कल्पना कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायल छात्रा रोहित राम की पुत्री नंदनी कुमारी बताई गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मौके पर मचा हंगामा, आगजनी कर सड़क जाम
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। कुछ लोगों ने मोटरसाइकिल सवार को पकड़ भी लिया था, लेकिन मौका पाकर चालक फरार हो गया और अपनी मोटरसाइकिल घटनास्थल पर छोड़ गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी शुरू कर दी। साथ ही आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
पढ़ें- थाने से मिला हवलदार का खून से सना शव: सुबह की थी पत्नी से बात, दो घंटे में क्या बदला कि गले के पार हो गई गोली?
भारी पुलिस बल तैनात, आरोपी की तलाश जारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्थानीय थाने की पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी भी की जा रही है।
इलाके में शोक और गुस्सा दोनों का माहौल
बताया गया है कि मृतक छात्रा कल्पना कुमारी तीसरी कक्षा में पढ़ती थी और पास की कोचिंग में प्रतिदिन पढ़ने जाती थी। उसकी असामयिक मौत से गांव में शोक के साथ-साथ गुस्से का माहौल भी बना हुआ है।