पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित उमानाथ मंदिर परिसर में बच्चा चोरी के शक में एक युवक की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद मौके पर भारी हंगामा हो गया और पुलिस को हालात नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, उमानाथ मंदिर के पास एक स्थानीय युवक ने एक अनजान व्यक्ति को मोहल्ले के एक बच्चे का हाथ पकड़कर ले जाते देखा। शक होने पर उसने उस व्यक्ति से पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि वह बच्चे को चॉकलेट दिलाने के बहाने उसके पिता के पास ले जा रहा था। इसी दौरान आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए।
भीड़ ने पहले संदिग्ध युवक की जमकर पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ती देख कुछ लोगों ने उसकी जान बचाने के लिए उसे पास के एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी को भीड़ से निकालकर सुरक्षित ले जाने का प्रयास किया गया। हालांकि जैसे ही पुलिस उसे गाड़ी में बैठाने लगी, भीड़ ने दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी आरोपी को बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। भीड़ ने पुलिस वाहन पर भी हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें- Bihar Vidhan Sabha Live: विधान परिषद् में आंकड़ा बताकर राबड़ी देवी ने नीतीश सरकार को घेरा, JDU ने क्या कहा?
काफी मशक्कत के बाद पुलिस किसी तरह आरोपी को सुरक्षित वाहन में बैठाकर थाने ले गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ‘बमभोले’ बताया है और अपना घर बख्तियारपुर के बाहापर क्षेत्र में होने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पूरे घटनाक्रम की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।