बिहार सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद पहली बार रोहतास पहुंचे जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कानून-व्यवस्था और पुलिस एनकाउंटर को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। सासाराम के शिवसागर में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि “यदि राज्य में गुंडे-बदमाश रहेंगे तो पुलिस की राइफल से पानी नहीं, गोली ही निकलेगी।”
उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मंत्री ने यह भी कहा कि कानून में इतने छिद्र हैं कि अपराधियों को जल्दी जमानत मिल जाती है, इसलिए सख्त कार्रवाई जरूरी हो गई है।
‘अपराधियों को लंगड़ा बना दीजिए’
मीडिया से बातचीत के दौरान भगवान सिंह कुशवाहा ने पुलिस एनकाउंटर को सही ठहराते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे वे दोबारा अपराध करने की हिम्मत न जुटा सकें। उन्होंने कहा, “अपराधियों को लंगड़ा बना दीजिए, ताकि वे फिर कभी अपराध न कर सकें।' मंत्री ने यह भी कहा कि जो भी कानून तोड़ेगा, उसका अंजाम तय है। उनके मुताबिक, राज्य सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
अपराधियों की कोई जात नहीं होती
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा एनकाउंटर में एक विशेष जाति को निशाना बनाए जाने के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती। उन्होंने कहा कि अपराध को जाति से जोड़ना गलत है। मंत्री ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव के बयान से ऐसा प्रतीत होता है मानो अपराधियों के प्रति सहानुभूति दिखाई जा रही हो। उन्होंने कहा कि सरकार की नजर में अपराध करने वाला सिर्फ अपराधी है, उसकी कोई जात या पहचान नहीं देखी जाती।
ये भी पढ़ें-
Bihar : इस पुल पर चढ़ गए तो दूसरी साइड से गिरेंगे जरूर; 40 मीटर लंबा पुल बना भूली सरकार, अप्रोच पथ ही नहीं
‘एनकाउंटर पहले भी होते थे, आज भी हो रहे हैं’
मंत्री ने कहा कि एनकाउंटर कोई नई व्यवस्था नहीं है। पहले भी पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करती थी और आज भी कर रही है। उन्होंने दोहराया कि आम जनता को डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पुलिस की कार्रवाई सिर्फ अपराधियों के खिलाफ होती है। भगवान सिंह कुशवाहा मंत्री बनने के बाद पहली बार रोहतास पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे हमेशा जनता के बीच रहकर राजनीति करते आए हैं और आगे भी जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देंगे।