बाढ़ अनुमंडल के राणाबीघा गांव के पास स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज के गेट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दर्जनों छात्र-छात्राओं को गार्ड ने कॉलेज के अंदर जाने से रोक दिया। बताया जा रहा है कि करीब 50 से अधिक छात्रों को बिना यूनिफॉर्म के होने के कारण प्रवेश नहीं दिया गया।
छात्रों का कहना है कि जैसे ही वे कॉलेज पहुंचे, गार्ड ने अचानक उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। पूछने पर गार्ड ने कॉलेज प्रबंधन के आदेश का हवाला दिया। छात्रों का आरोप है कि उन्हें पहले से इस संबंध में कोई सूचना या नोटिस नहीं दिया गया था कि बिना ड्रेस के कॉलेज में प्रवेश नहीं मिलेगा। छात्रों ने मांग की कि उन्हें रोजाना की तरह आज भी कॉलेज में प्रवेश दिया जाए और आश्वासन दिया कि आगे से वे यूनिफॉर्म पहनकर ही आएंगे। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाले कई छात्र बिना यूनिफॉर्म के ही पढ़ने आते हैं, लेकिन उन पर कोई रोक-टोक नहीं की जाती।
पटना की छात्रा खुशी ने बताया कि उन्हें पहले कोई नोटिस या जानकारी नहीं दी गई थी कि यूनिफॉर्म पहनकर ही कॉलेज आना होगा। वह रोज करीब 60 किलोमीटर दूर से कॉलेज पढ़ने आती हैं, लेकिन अचानक आज गार्ड ने गेट पर ही उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि हॉस्टल के छात्रों को बिना ड्रेस के भी पढ़ने दिया जाता है, जबकि बाहर से आने वाले छात्रों को गेट पर ही रोक दिया गया, जिससे कई छात्र वापस अपने घर लौट गए। खुसरूपुर के छात्र अमरजीत कुमार ने बताया कि करीब 50 से ज्यादा छात्रों को कॉलेज में प्रवेश करने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि इस बारे में पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी।
पढ़ें: घर में सो रहे व्यक्ति की हत्या, सुबह बिस्तर पर मिला शव; पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
वहीं बख्तियारपुर के छात्र अमन कुमार ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे तक बिना ड्रेस पहने जो छात्र कॉलेज पहुंचे, उन्हें अंदर जाने दिया गया, लेकिन 9:20 बजे के बाद आने वाले छात्रों को गेट पर ही रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन को पहले ही इस बारे में जानकारी देनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी कहा कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों पर यूनिफॉर्म को लेकर कोई पाबंदी नहीं है, जबकि बाहरी छात्रों को रोका जा रहा है। अमन कुमार फाइनल ईयर के छात्र हैं। वहीं इस पूरे मामले में कॉलेज प्रशासन ने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया और मिलने से भी मना कर दिया।