थाना शंकरगढ़ क्षेत्र के ग्राम बचवार में हुई करीब चार लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के आभूषणों को बैंक में गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
प्रार्थी अर्पण कुमार उरांव, निवासी ग्राम बचवार, थाना शंकरगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 दिसंबर 2025 को दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर और अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, तीन हजार रुपये नकद तथा दो सीसीटीवी कैमरे चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पढे़ं: मॉर्फ्ड सीडी मामले में पूर्व सीएम भूपेश बघेल को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत, सीबीआई कोर्ट की कार्यवाही पर रोक
विवेचना के दौरान थाना गांधीनगर पुलिस से सूचना मिली कि वहां एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार पन्ना ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथी आकाश गाईन के साथ मिलकर शंकरगढ़ में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आनंद पन्ना को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
इसके बाद फरार सह-आरोपी आकाश गाईन को पुलिस ने अंबिकापुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि आनंद पन्ना चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने उसके पास लेकर आया था। इन गहनों को आकाश की मां नीलिमा गाईन के माध्यम से अंबिकापुर स्थित मणप्पुरम बैंक में गिरवी रखकर 3.80 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया गया। बैंक से मिले ऋण की राशि में से 20 हजार रुपये आनंद पन्ना की बहन मंजुषा पन्ना के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305, 331(3) और 3(5) के तहत आकाश गाईन (23), निवासी सुभाषनगर, अंबिकापुर, नीलिमा गाईन (38), निवासी सुभाषनगर, अंबिकापुर तथा मंजुषा पन्ना (31), निवासी भगवानपुर, सुभाषनगर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।