गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकोटा गांव में एक प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों परिवार के विरोध के चलते मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन वर की उम्र कम होने के कारण विवाह संभव नहीं हो सका। इस कारण वे मानसिक रूप से परेशान थे और बुधवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद यह दुखद घटना घटित हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताई शादी की तैयारी की बात
जानकारी के अनुसार, कोटा थाना क्षेत्र की रहने वाली अनिता भैना (19 वर्ष) और पनकोटा गांव का रहने वाला कृष्णकुमार भैना (18 वर्ष) कुछ समय से एक-दूसरे के साथ रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, दोनों विवाह करना चाहते थे और 10 फरवरी को होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, कृष्णकुमार की उम्र कम होने के कारण विवाह संपन्न नहीं हो सका, जिससे दोनों काफी परेशान थे।
विवाद के बाद हुई हृदयविदारक घटना
बुधवार की रात अनिता और कृष्णकुमार के बीच शादी न हो पाने को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी के दौरान अनिता ने कहा कि वह इस स्थिति में कैसे रहेगी और लोग क्या कहेंगे। इसके बाद अनिता ने मौका देखकर घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कृष्णकुमार ने जब अनिता को फंदे पर लटका देखा तो वह सदमे में आ गया। उसने अनिता को फंदे से उतारा, लेकिन उसकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद कृष्णकुमार घर से निकलकर पास के जंगल पहुंचा और एक पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
ग्रामीणों में शोक की लहर, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों ने रात भर दोनों की खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चला। सुबह कृष्णकुमार का शव नीलगिरी के पेड़ पर फांसी के फंदे से झूलता मिला। घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना से पनकोटा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों एक-दूसरे से बेहद प्रेम करते थे और साथ जीवन बिताना चाहते थे। फिलहाल, पुलिस जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।