कबीरधाम जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र अंतर्गत सोंढा गांव में एक युवक का शव बोरी में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेतों के पास पुल किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश से उठ रही तेज दुर्गंध ने एक संभावित हत्या की वारदात का पर्दाफाश कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता बताया जा रहा था।जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों व राहगीरों ने आज क्षेत्र में तेज बदबू महसूस की। शुरुआत में लोगों ने किसी मरे हुए जानवर की आशंका जताई, लेकिन जब दुर्गंध लगातार बढ़ती गई तो ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध बोरी दिखाई दी, जिससे बदबू आ रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पांडातराई पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में बोरी को खुलवाया गया। बोरी के अंदर एक युवक का शव मिलने से वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। शव की हालत को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की मौत कुछ दिन पहले हुई होगी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा के रूप में की।
शव को पीएम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। हालांकि शव को बोरी में बंद कर सुनसान स्थान पर फेंके जाने की परिस्थितियां मामले को संदिग्ध बना रही हैं। ऐसे में हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक के कॉल डिटेल, अंतिम बार उसके साथ देखे गए लोगों और अन्य संभावित सुरागों को खंगाला जा रहा है।फिलहाल पांडातराई पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम- फोटो : credit
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम- फोटो : credit