अनूपपुर में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 15 अप्रैल को घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में जिले ने शानदार प्रदर्शन किया है। कक्षा 10वीं में अनूपपुर 93.85 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा, जबकि कक्षा 12वीं में 93.04 प्रतिशत परिणाम के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
कक्षा 10वीं में सांदीपनी स्कूल खूंटाटोला, जैतहरी की छात्रा खुशी कुशवाहा ने 493 अंक (98.6%) प्राप्त कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में सातवां स्थान हासिल किया। वहीं, कक्षा 12वीं में एक्सीलेंस स्कूल अनूपपुर के धीरज पांडेय ने 466 अंक (97.02%) के साथ प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार जिले के परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्ष 2024-25 में कक्षा 10वीं का परिणाम 87.66 प्रतिशत और 12वीं का 83.47 प्रतिशत था। इस वर्ष 10वीं में लगभग 6 प्रतिशत और 12वीं में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- MP Board Result: कारपेंटर की बेटी बनी स्टेट टॉपर, झुग्गी बस्ती में रहकर की मेहनत; देश की सेवा करना चाहती है
जिले की प्रावीण्य सूची
कक्षा 10वीं में कविता दुबे ने 488 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। गायत्री देवी और आकांक्षा उपाध्याय ने 487 अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर पीयूष जोगी, आयुषी वर्मा, सृष्टि पांडे और रिचा सिंह राठौड़ (सभी 486 अंक) रहे। कक्षा 12वीं में शिप्रा शर्मा ने 470 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। आकांक्षा उपाध्याय 469 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि सक्षम गुप्ता (467 अंक) तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा मोनिका राठौड़ (464), अदितेय ताम्रकार (462), मनमोहन पाठक (454), संस्कृति मिश्रा (454), गायत्री केवट (451) और सिद्धार्थ साहू (451) ने भी प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया।
संघर्ष से सफलता तक
जैतहरी की छात्रा खुशी कुशवाहा की सफलता प्रेरणादायक है। उनके पिता ओम प्रकाश साहू का 2021 में कोरोना के दौरान निधन हो गया था। उनकी मां सिलाई कर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद खुशी ने घर पर ही पढ़ाई कर यह उपलब्धि हासिल की। उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। वहीं, धीरज पांडेय एक किसान परिवार से आते हैं। उनके माता-पिता खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। धीरज ने 466 अंक हासिल कर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है और वह भविष्य में वैज्ञानिक बनना चाहते हैं। उनके दादाजी सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जिनसे उन्हें प्रेरणा मिली।