मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के ग्रामीण अंचल में एक बार से तेंदुए के हमले का मामला सामने आया है। वन्य प्राणी ने राजपुर ब्लॉक के इंद्रपुर गांव में एक महिला को शिकार बनाया है। हालांकि गनीमत रही कि महिला की जान बच गई, लेकिन वह गम्भीर घायल है। महिला को फिलहाल राजपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। तेंदुए ने हमला उस समय किया जब गांव की ही एक ग्रामीण महिला चंदुबाई खेत में फसल के बीच ऊगी हुआ खरपतवार घांस को उखाड़ने का काम कर रही थी। इसी बीच झाड़ियों के बीच घात लगाकर छिपे हुए तेंदुए ने महिला पर अचानक हमला कर दिया।
तेंदुए के हमले में महिला हुई घायल
तेंदुए का हमला इतना घातक था कि महिला को सम्भलने का भी मौका नहीं मिला। उसके चेहरे पर झपट्टा मारने के निशान हो गए। महिला को गंभीर चोटें आईं हैं। हालांकि इसके बाद महिला गिर गई और जैसे तैसे वह अपने आप को बचाकर वहां से भाग खड़ी हुई। इस दौरान उसने आसपास के लोगों से चिल्लाकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद पहुंचे ग्रामीणों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में भर्ती कराया, जहां फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी स्थिर है।
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के 15 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, 24 घंटे में साढ़े 4 इंच तक गिर सकता है पानी
ख़ौफ़ के साये में जी रहे ग्रामीण
इधर इस घटना के बाद ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व ही गांव के 8 साल के एक मासूम को भी इसी तेंदुए ने निशाना बनाकर उनकी जान ले ली थी। उसकी मौत के बाद अब तक भी वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। घटना के बाद से ग्रामीणों में डर और आक्रोश है। सभी खतरे में जी रहे हैं, लेकिन वन विभाग सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है। जंगल में सही तरीके से सर्चिंग तक नहीं की जा रही। जो पिंजरे लगे हैं वह भी अब तक खाली हैं। ग्रामीण खौफ के साए में जी रहे हैं। खेतों में काम करने जाते समय किसानों को आदमखोर तेंदुए का डर सता रहा है।