शहर के लल्ली चौक पर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान ऐसा नजारा देखने को मिला, जहां राजनीतिक विरोध प्रदर्शन की कार्रवाई का खामियाजा आम दुकानदारों को भुगतना पड़ा। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए फायर ब्रिगेड से छोड़ी गई पानी की बौछार पास की तीन दुकानों में घुस गई, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान हुआ है।
ये भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: ऐसे पुलिस से बच रहा था आरोपी प्रांजल, होटल छोड़ भाई के अस्पताल में गुजारता था रात
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में लल्ली चौक पर पुतला दहन करने के लिए एकत्रित हुए थे। जैसे ही कार्यकर्ता पुतला लेकर आगे बढ़े, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से पानी की बौछारें छोड़ीं। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान पुतला लेकर दौड़ रहे कार्यकर्ता तो इधर-उधर हो गए लेकिन पानी की तेज बौछारों की चपेट में सड़क किनारे स्थित तीन दुकानें आ गईं। अचानक दुकानों में पानी भरने से वहां रखा सामान भीग गया और दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा।
अपनी दुकानों की हालत देखकर दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बीच सड़क पर ही अपनी नाराजगी जाहिर की। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन और प्रदर्शन में शामिल लोगों के सामने अपनी पीड़ा रखी। दुकानदारों का दावा है कि इस घटना में प्रत्येक दुकानदार को करीब 15 से 20 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ है। एक पीड़ित दुकानदार ने बताया कि हमारी दुकानदारी से इस प्रदर्शन का कोई लेना-देना नहीं था। हम सुबह से अपनी रोजी-रोटी के लिए दुकान खोलकर बैठे थे। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पानी छोड़ा गया, लेकिन पानी हमारी दुकानों में घुस गया। अब हमारे नुकसान की भरपाई कौन करेगा। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि राजनीतिक दलों के प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई के बीच अक्सर आम आदमी पिस जाता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, लेकिन इस दौरान आम दुकानदारों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। फिलहाल दुकानदारों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजे की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी उनकी मांग पर क्या कदम उठाते हैं।

प्रदर्शन के बीच दुकानों में पानी घुसने से दुकानदार परेशान
कांग्रेस का प्रदर्शन