छतरपुर जिले के चंदला विधानसभा क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक मंत्री ने मौके पर पहुंचकर किसान की मदद कर मिसाल पेश की। धावा तिगेला इलाके में एक किसान के खेत में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और खड़ी फसल जलने का खतरा बढ़ गया। इसी दौरान एक महिला ने सड़क से गुजर रहे क्षेत्रीय विधायक और मंत्री दिलीप अहिरवार को आवाज लगाई। महिला की पुकार सुनते ही मंत्री ने अपना काफिला तुरंत रुकवाया और बिना देर किए मौके पर पहुंच गए।
खुद संभाली कमान, आग बुझाने में जुटे
मौके पर पहुंचकर मंत्री ने हालात का जायजा लिया और खुद आग बुझाने में जुट गए। उन्होंने अपने साथ मौजूद कार्यकर्ताओं को भी मदद के लिए लगाया। सभी ने मिलकर कड़ी मेहनत की और आखिरकार आग पर काबू पा लिया।
पढे़ं: हमीदिया अस्पताल में लिफ्ट संकट पर ब्रेक, 24 लिफ्ट फिर चालू, लेकिन सिस्टम की पोल खुली
शोभायात्रा से लौटते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि मंत्री दिलीप अहिरवार सरवई में आयोजित रामनवमी शोभायात्रा से चंदला लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह घटना सामने आई। मंत्री ने न केवल आग बुझाने में मदद की, बल्कि पीड़ित महिला को फसल नुकसान की भरपाई के लिए हर संभव मदद देने का आश्वासन भी दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मंत्री के इस व्यवहार की जमकर सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के समय में जनप्रतिनिधियों का इस तरह मौके पर पहुंचकर आम लोगों की मदद करना बहुत कम देखने को मिलता है।