दमोह जिले के बटियागढ़ जन शिक्षा केंद्र अंतर्गत संकुल केंद्र फुटेरा के शासकीय माध्यमिक स्कूल मेंनवार में शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल में पदस्थ शिक्षक सीताराम पटेल कक्षा में कार्य कर रहे थे। तभी अचानक छत की फर्शी सिर पर गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शिक्षक के सिर में गहरा घाव हो गया है। गनीमत यह रही कि हादसे के समय स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी। शिक्षक अकेले कक्षा में कुछ शिक्षण कार्य निपटा रहे थे। तभी जर्जर स्कूल भवन के छत से फर्शी भरभराकर ग सीधे उनके सिर पर आ गिरी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण शिक्षक वहीं लहूलुहान होकर बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही अन्य शिक्षक और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद स्थिति गंभीर होने पर जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि शिक्षक के सिर में गहरी चोट आई है। गनीमत रही कि यह हादसा छात्रों की उपस्थिति के समय नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें-
ABVP कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी के सामने किया चक्काजाम, चौकी प्रभारी पर लगाए दुर्व्यवहार के आरोप
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने स्कूल भवन की जर्जर हालत पर गहरी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि वर्षों से भवन की मरम्मत नहीं हुई है और आए दिन छत से प्लास्टर व फर्शी गिरने की घटनाएं हो रही हैं। बारिश के दिनों में कभी भी यह हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने स्कूल भवन के पुनर्निर्माण की मांग की है।
तेंदूखेड़ा में भी गिरा छप्पर
जिले में ऐसे कई जर्जर स्कूल भवन हैं, जहां बच्चे बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। तेंदूखेड़ा ब्लाक के बगदरा दरी में भी स्कूल का छप्पर गिरने से अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया था। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने दो पालियों में स्कूल लगाना शुरू कर दिया।