दमोह जिले के हटा में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। करंट लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए दमोह ले जा रही एक निजी एंबुलेंस का चालक बीच रास्ते में ही मरीज को छोड़कर फरार हो गया। आरोप है कि परिजन तत्काल पूरी रकम नहीं दे सके, इसलिए चालक ने एंबुलेंस रोक दी और घायल युवक को सड़क किनारे उतारकर चला गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। बाद में रिश्तेदार की गाड़ी से युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
खेत पर काम करते समय करंट की चपेट में आया युवक
जानकारी के मुताबिक ग्राम पांजी निवासी अक्षु पटेल शनिवार सुबह खेत पर काम करते समय करंट की चपेट में आ गया था। गंभीर हालत में परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल हटा लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया।
108 एंबुलेंस नहीं मिली, निजी वाहन का लिया सहारा
बताया जा रहा है कि उस समय सरकारी 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूरी में परिजनों ने अस्पताल परिसर में खड़ी एक निजी एंबुलेंस से संपर्क किया। चालक मरीज को लेकर दमोह के लिए रवाना तो हुआ, लेकिन अस्पताल से कुछ दूरी पर एक पेट्रोल पंप के पास उसने गाड़ी रोक दी। यहां उसने डीजल के लिए तुरंत पैसे मांगे। परिजनों के पास उस समय केवल 400 रुपये थे, जो उन्होंने चालक को दे दिए। बाकी राशि दमोह पहुंचकर देने की बात कही गई।
पैसे नहीं मिलने पर मरीज को सड़क पर उतारा
परिजनों का आरोप है कि चालक पूरे पैसे की मांग पर अड़ गया। जब तुरंत रकम नहीं मिली तो उसने घायल युवक को सड़क किनारे उतार दिया और एंबुलेंस लेकर फरार हो गया। घायल के चाचा वीरेंद्र पटेल ने बताया कि चालक पहले दमोह पहुंचकर पैसे देने की बात मान गया था, लेकिन बाद में अचानक उसका रवैया बदल गया। घटना के बाद परिजनों ने रिश्तेदार को फोन कर निजी वाहन बुलाया और युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया।
ये भी पढ़ें- भोजशाला पर एएसआई का बड़ा फैसला: नया आदेश जारी, अब बिना किसी रोक-टोक के होगी 365 दिन पूजा; मस्जिद का नाम हटा
स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया। सिविल अस्पताल हटा के बीएमओ डॉ. उमाशंकर पटेल ने बताया कि घटना की सूचना सीएमएचओ को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ इस तरह की मनमानी और अमानवीय व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।