दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के नंदरई गांव में बुधवार दोपहर सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगे डंपर की चपेट में आने से 40 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूर डामर मशीन के पास काम कर रहे थे। इसी दौरान निर्माण सामग्री लेकर पहुंचा डंपर अचानक रिवर्स होने लगा और उसकी चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूर उसे तत्काल पथरिया स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बमोरी गांव निवासी जागेश्वर कुर्मी (40) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। मौत की पुष्टि होने पर परिवार में कोहराम मच गया।
पढ़ें: दुष्कर्म के आरोप में डिप्टी कलेक्टर गिरफ्तार, महिला ने की शिकायत- शादी का झांसा देकर लूट रहा था अस्मत
सूचना मिलने पर पथरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार डंपर चालक रविदास अहिरवार की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के भाई राजेंद्र कुर्मी ने बताया कि जागेश्वर मशीन के पास काम कर रहा था, तभी अचानक डंपर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पथरिया थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी ने बताया कि डंपर की टक्कर से मजदूर की मौत हुई है। आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
वहीं, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानक पटेल ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि डंपर को रिवर्स करते समय यह हादसा हुआ। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।