दमोह जिले के पथरिया में ज्वेलरी दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने विदिशा की पारदी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 614 ग्राम चांदी बरामद करने का दावा किया है। मामले में चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
दीवार में सेंध लगाकर की थी चोरी
17 जुलाई की रात वार्ड क्रमांक-15 स्थित शासकीय कन्या स्कूल के पास प्रकाश चंद्र जैन (मिठ्ठू सराफ) की ज्वेलरी दुकान के पीछे की दीवार में करीब 7 से 8 इंच का छेद कर आरोपी अंदर घुस गए। यहां से करीब 8 किलो चांदी के आभूषण और सोने की दो जोड़ी झुमकियां चोरी कर ली गईं। अगली सुबह स्थानीय लोगों ने दीवार में सेंध देख दुकानदार को सूचना दी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी और साइबर जांच से मिली सफलता
पुलिस ने दुकान, आसपास की सड़कों और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से मिले सुरागों के आधार पर विदिशा की पारदी गैंग की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने विदिशा में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जसवंत पिता कमल सिंह पारदी (38), निवासी ग्राम वन, थाना गुलाबगंज, रोहित पिता अजार पारदी (19), अजय पिता अजार सिंह पारदी (23) तथा विष्णु पिता सुभाष पारदी (26), निवासी ग्राम रूसिया, थाना कुरवाई, जिला विदिशा शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें- बोतल से पानी पीने पर दलित को पीटने का मामला: शिक्षक को पुलिस ने थमाया नोटिस, मानवाधिकार आयोग ने भी मांगा जवाब
614 ग्राम चांदी बरामद, बाकी माल की तलाश
पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर 614 ग्राम चांदी बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.35 लाख रुपये है। पुलिस चोरी गए शेष जेवर और अन्य सामान की बरामदगी के साथ फरार चार आरोपियों की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात से पहले दुकान और आसपास के क्षेत्र की रेकी की थी।
पीड़ित ने बरामदगी पर उठाए सवाल
पुलिस के खुलासे के बाद पीड़ित दुकानदार प्रकाश चंद्र सराफ ने बरामदगी और जब्ती की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि चोरी गए माल की कीमत 8 से 10 लाख रुपये है, जबकि अब तक केवल 614 ग्राम चांदी बरामद होने की जानकारी दी गई है। उनका आरोप है कि पुलिस ने उन्हें बरामदगी और जब्ती की पूरी जानकारी नहीं दी।
सराफा व्यापारी की भूमिका पर भी सवाल
पीड़ित का दावा है कि पूछताछ के दौरान विदिशा के एक सराफा व्यापारी का नाम सामने आया था और वहां से करीब सवा किलो पिघली हुई चांदी बरामद होने की जानकारी मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित खरीदार व्यापारी को राजनीतिक दबाव के चलते छोड़ दिया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि खुलासे से एक दिन पहले थाना पथरिया के एक पुलिसकर्मी ने उन्हें बुलाकर कथित तौर पर पिघली हुई चांदी लेने को कहा था और आश्वासन दिया था कि उसे जब्ती में दर्शा दिया जाएगा। पीड़ित ने ऐसा करने से इनकार करने की बात कही है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, शेष चोरी गए माल की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस तरह चोर दीवार में छेद कर घुसे थे दुकान में।

पीड़ित ने थाने में आवेदन दिया।