दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहगढ़ में सोनार नदी पुल के पास रविवार सुबह एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने सड़क पर शव को क्षत-विक्षत हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। टक्कर इतनी भीषण थी कि मृतक के सिर के कई टुकड़े हो गए थे और वह उल्टा पड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लक्ष्मण पटेल, निवासी निबोरा, के रूप में हुई है। स्थानीय निवासी पप्पू ठाकुर ने बताया कि लक्ष्मण पटेल शनिवार सुबह घर से बिना बताए निकला था। शाम को उसे नरसिंहगढ़ में शराब के नशे में घूमते देखा गया था। रविवार सुबह उसका शव सोनार नदी पुल के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- MP News: सिद्धार्थ तिवारी के बयान पर दिग्विजय सिंह का पलटवार- बोले-पुत्र सपूत या कपूत हो सकता, पिता कुपिता नहीं
तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जामुन मार्ग पर एक शिक्षक सड़क हादसे में घायल हो गए। उन्हें परिजन गंभीर हालत में स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने जबलपुर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार गुलाब जैन (पिता नेमचंद जैन), निवासी समनापुर थाना तारादेही, जामुन स्कूल में पदस्थ हैं। रविवार दोपहर घर लौटते समय नाले के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वर्तमान में उनका इलाज जबलपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
ये भी पढ़ें- यहां गरबा में गड़बड़ : पंडाल में प्रैक्टिस कर रही महिला को उठा ले गए थे अपहरणकर्ता, गुत्थी सुलझी तो खुला राज