{"_id":"6a2e33cc550fb0c6830ca2b4","slug":"an-old-rivalry-took-a-bloody-turn-in-datia-where-a-young-man-sitting-outside-his-house-was-shot-datia-news-c-1-1-noi1454-4392750-2026-06-14","type":"video","status":"publish","title_hn":"Datia News: दतिया में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, घर के बाहर बैठे युवक को पहले जमकर पीटा फिर मार दी गोली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Datia News: दतिया में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, घर के बाहर बैठे युवक को पहले जमकर पीटा फिर मार दी गोली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दतिया Published by: दतिया ब्यूरो Updated Sun, 14 Jun 2026 10:37 AM IST
दतिया शहर एक बार फिर गोलीकांड से दहल उठा। कोतवाली थाना क्षेत्र के वासन के पुरा इलाके में शनिवार शाम पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घर के बाहर बैठे राकेश कुशवाहा को बाइक सवार आरोपियों ने पहले घेरकर पीटा और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली राकेश के हाथ में लगी। लहूलुहान हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 7 बजे राकेश कुशवाहा अपने घर के बाहर बैठा था। तभी दो बाइकों पर सवार होकर सात लोग आए। आरोप है कि किशन कुशवाहा, अजय कुशवाहा, गणेश कुशवाहा, छोटू, सौरभ खान, शिव यादव और हर्ष लाला ने आते ही राकेश से गाली गलौज शुरू कर दी। कहासुनी के बीच आरोपियों ने लात घूंसों से हमला बोल दिया। राकेश ने विरोध किया तो एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली सीधे राकेश के हाथ में जा लगी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। हमलावर मौके का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गए। परिजन और मोहल्लेवालों ने घायल राकेश को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि गोली हाथ को चीरते हुए निकल गई। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है और इलाज जारी है। घायल राकेश कुशवाहा ने अस्पताल में बताया कि आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी है। उसने पुलिस को कई बार शिकायत भी की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। राकेश का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। दतिया एसडीओपी आकांक्षा जैन ने बताया कि युवक के हाथ में गोली लगी है। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। घटना के 12 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दतिया शहर में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन पुरानी रंजिश में गोलीबारी हो रही है। अवैध हथियारों की आमद भी चिंता का विषय है। फिलहाल पुलिस राकेश के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।