पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एलान किया है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव दतिया से ही लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी विरोधी मुंगेरीलाल के हसीन सपने न देखे। दरअसल, हाल ही में नरोत्तम मिश्रा ने ग्वालियर जिले के डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ की स्थापना कराई है।
इस आयोजन के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई थी कि वे इस बार दतिया की बजाय डबरा से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। इन अटकलों पर विराम लगाते हुए नरोत्तम मिश्रा ने अपनी स्थिति साफ की।
'दतिया से तो मर कर ही हटेंगे'
उन्होंने कहा "मैं पहले भी कह चुका हूं और आज फिर दोहरा रहा हूं। दतिया से तो मर कर ही हटेंगे। बता दें कि नवग्रह शक्तिपीठ स्थापना कार्यक्रम के बाद वे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त कर रहे थे।इस दौरान वे भावुक भी नजर आए।उन्होंने कहा कि दतिया से उनका रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि अंतर्मन से जुड़ा हुआ है"।
ये भी पढ़ें- MP: कटनी नगर निगम वित्तीय संकट में, निगमायुक्त ने जारी किए नोटिस; 56 सरकारी भवनों का जानें कितना है बकाया?
इसके पश्चात डॉ. मिश्रा स्व. रतन लाल सर्राफ की पुण्य स्मृति में आयोजित नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में शामिल हुए।उन्होंने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया और इसे समाज सेवा की सशक्त पहल बताया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सेवा कार्य ही राजनीति का मूल उद्देश्य होना चाहिए।
भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नवगृह शक्ति पीठ की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के सफल आयोजन पर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के कारण ही ऐसे आयोजन सफल होते हैं और संगठन लगातार मजबूत होता है।इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा के बजट युवा संवाद कार्यक्रम में वे शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर से मुलाकात कर उन्हें पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।