मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को देवास पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों के लिए आयोजित भावांतर कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के लगभग 1.33 लाख किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपये की भावांतर राशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी सरकार है, जो किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कृषि लगातार प्रगति कर रही है और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से भावांतर योजना के जरिये किसानों को सीधे खातों में राशि दी जा रही है। कार्यक्रम में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि यह किसानों के लिए बड़ा सौभाग्य का अवसर है कि मुख्यमंत्री स्वयं किसानों के खातों में राशि का अंतरण कर रहे हैं, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
ये भी पढ़ें: Cyber Crime: 'साहब' बेच रहे सस्ता सामान? बड़े अधिकारियों की फर्जी प्रोफाइल से ठगे जा रहे लोग, जानिए कैसे बचें
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने जैविक खेती से जुड़ी तकनीकों को करीब से देखा और किसानों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने एक ट्रैक्टर पर बैठकर उसे चालू कर खेती के आधुनिकीकरण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में देवास विधायक गायत्री राजे पवार, हाट पिपल्या विधायक मनोज चौधरी, सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर, बागली विधायक मुरली भंवरा, भाजपा जिलाध्यक्ष शाहिद, महापौर तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने जिले में कई विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया।
बिहार में बनेगी एनडीए की सरकार
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और बिहार चुनाव को लेकर कहा है कि इस बार बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी।
किसानों ने जताया आभार
भावांतर योजना के कार्यक्रम में जिले के कई किसान भी शामिल हुए। किसानों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार उनके हितों का पूरा ध्यान रख रही है। भावांतर राशि मिलने से फसल पर होने वाला नुकसान अब कम होगा और खेती वास्तव में किसानों के लिए लाभ का धंधा साबित होगी।