जिले की औद्योगिक नगरी पीथमपुर में हुई हत्या के मामले में पुलिस टीम को सफलता मिल गई है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित कुल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। आरोपियों ने पार्टी के दौरान ग्लास से शराब का पैग ढुलने की मामूली बात पर हत्या कर दी थी। घटना वाले दिन मृतक आरोपी पर नशे में गिरा, जिससे शराब फैल गई थी। महंगी शराब का नुकसान होने की बात पर आरोपियों ने हथियार से हमला कर मर्डर किया था। पुलिस ने हथियार भी बरामद कर लिया है। हत्या में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
दरअसल पीथमपुर के सेक्टर एक थाना क्षेत्र दिनांक 25-26 जनवरी की रात पावर हाउस चौराहा, बीएसएनएल कार्यालय के सामने सड़क पर एक शव देखा गया था। रहवासियों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के सिर और शरीर पर चोट के निशान थे और खून बह रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान शंकर पिता लालू सोलंकी (42) के रूप में हुई, जो मूल रूप से धार जिले के जाजमखेड़ी का निवासी था और वर्तमान में पीथमपुर में रहता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और पैर में गंभीर चोटों के कारण मौत की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनेर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ओपी अहिर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
ये भी पढ़ें- सीहोर का साहिल हत्याकांड: इश्क, जलन और साजिश का खूनी खेल, गुस्से में चाकुओं से गोदा था; अब उम्रकैद की सजा
दो आरोपी अभी फरार
थाना प्रभारी अहिर के अनुसार पुलिस टीम ने घटनास्थल से प्राप्त भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। विवेचना के दौरान धनंजय उर्फ धनिया पिता सतीश शिरफुले (22) और एक बाल अपचारी को संदिग्ध के रूप में हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार (कोयता) भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार मृतक शंकर सोलंकी और आरोपी धनंजय उर्फ धनिया अपने साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब के नशे में शंकर, धनंजय पर गिर गया, जिससे शराब फैल गई। इसी बात पर शंकर और आरोपियों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर धनंजय और उसके साथियों ने धारदार कोयते से शंकर के सिर और पैर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गिरफ्तार आरोपी धनंजय उर्फ धनिया के खिलाफ पूर्व में भी महाराष्ट्र के पुणे जिले के राजणगांव पुलिस स्टेशन में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया है। प्रकरण में दो आरोपी फरार हैं, आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तार आरोपी