डिंडोरी जिले में कथित धर्म परिवर्तन के दबाव का मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बजाग थाना क्षेत्र के ग्राम तांतर पंचायत चाड़ा निवासी एक परिवार ने चर्च से जुड़े व्यक्ति पर इलाज और आर्थिक सहायता के बदले धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा और न्याय की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम तांतर पंचायत चाड़ा निवासी राकेश कुमार बोरकर अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी दौरान गांव के निवासी और चर्च से जुड़े बताए जा रहे बाहमन सिंह मांडले ने परिवार से संपर्क किया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने पहले आर्थिक मदद और इलाज में सहयोग का भरोसा दिलाया। राकेश बोरकर का कहना है कि पत्नी की तबीयत खराब होने पर आरोपी ने करीब 800 रुपये की सहायता दी और इसके बाद चर्च में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए कहा।
पीड़ित के मुताबिक परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानी से गुजर रहा था, इसलिए उसने कुछ समय तक चर्च के कार्यक्रमों में जाना शुरू कर दिया। राकेश का कहना है कि वह लगभग दो से तीन महीने तक चर्च में आयोजित प्रार्थना सभाओं और कार्यक्रमों में शामिल होता रहा। हालांकि बाद में उसने वहां जाना बंद कर दिया।
राकेश बोरकर और उसके परिवार का आरोप है कि चर्च जाना बंद करने के बाद उन पर लगातार दबाव बनाया जाने लगा। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने ईसाई धर्म स्वीकार करने के लिए दबाव डाला और ऐसा नहीं करने पर गांव में रहना मुश्किल करने की धमकी दी। परिवार का कहना है कि इस वजह से वे लगातार भय और तनाव में जीवन गुजार रहे हैं।
पढ़ें: मौत के बाद से फरार पति समर्थ जमानत लेने हाईकोर्ट पहुंचा, पुलिस ने 30 हजार का इनाम रखा है
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की शिकायत पहले बजाग थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई नहीं होने से निराश परिवार ने अब सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।