गुना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत धाकड़ कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यहां एक बुजुर्ग दंपत्ति के शव उनके ही घर के अलग-अलग कमरों में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 70 वर्षीय दिलीप कुमार गोयल और उनकी 65 वर्षीय पत्नी किरण गोयल के रूप में हुई है। दिलीप कुमार पेशे से अधिवक्ता थे, जबकि उनकी पत्नी सेवानिवृत्त शिक्षिका थीं। दोनों अपने दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे, जबकि उनका बेटा अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर निवास करता है।
घटना के समय बेटा-बहू और बच्चे धार्मिक यात्रा पर बाहर गए हुए थे। गुरुवार शाम तक पड़ोसियों की दंपत्ति से सामान्य बातचीत हुई थी, लेकिन देर रात जब बेटे ने फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद सुबह कई बार फोन करने पर भी जवाब नहीं मिलने से बेटे को चिंता हुई। उसने पड़ोसी पवन जैन को घर जाकर देखने के लिए कहा। जब पड़ोसी घर पहुंचे और अंदर जाकर देखा, तो दोनों के शव देखकर उनके होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एक कमरे में दिलीप कुमार गोयल का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला, जबकि दूसरे कमरे में किरण गोयल का शव बिस्तर पर पड़ा था। मौके से एक रस्सी और फिनायल की बोतल भी बरामद की गई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पति ने फांसी लगाई और पत्नी ने जहरीला पदार्थ सेवन किया होगा।
ये भी पढ़ें- Ujjain: कनाडा से 21 दिन बाद आया गुरकीरत का शव, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि; पीड़ित परिवार का बंधाया ढांढस
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जानकारी में आया है कि किरण गोयल मानसिक बीमारी से पीड़ित थी उनका लंबे समय से इंदौर एवं भोपाल का इलाज चल रहा था कभी कभी नहीं बच्चों को भी नहीं पहचानती ही । घटना की सूचना मिलते ही बेटा और अन्य परिजन तत्काल गुना पहुंचे। घर का मंजर देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह का खुलासा हो पाएगा ।