कभी बीहड़ों और दस्युओं के लिए पहचाना जाने वाला ग्वालियर-चंबल अंचल अब उद्योग की दस्तक से नई पहचान गढ़ रहा है। रविवार को गुना जिले के मावन-म्याना में अदाणी समूह की अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के शिलान्यास के साथ ही इस बदलाव पर विकास की मुहर लग गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 1060 करोड़ रुपये के पहले चरण के निवेश वाली इस इकाई का भूमिपूजन किया। मंच से मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि यह फैक्ट्री डेढ़ हजार युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोलेगी।
करीब 32 हेक्टेयर जमीन पर बनने वाली इस इकाई से सालाना चार मिलियन टन सीमेंट का उत्पादन होगा। पहले चरण में 1060 करोड़ का निवेश तय है, जिसे कंपनी आने वाले वर्षों में तीन गुना से अधिक बढ़ाएगी। फैक्ट्री से 500 लोगों को प्रत्यक्ष और 1000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। साथ ही राज्य सरकार को हर साल लगभग 160 करोड़ रुपये का जीएसटी राजस्व मिलने का अनुमान है।
तीन बड़ी सौगातें
भूमि-पूजन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुना के लिए तीन बड़ी सौगातों का पिटारा खोला। उन्होंने कहा कि गुनिया नदी के पुनर्जीवन के लिए 80 करोड़ 22 लाख रुपये का प्रस्ताव केंद्र की जल शक्ति योजना में भेजा जाएगा। दूसरी घोषणा पार्वती नदी पर 42 करोड़ की लागत से पुल निर्माण की रही, जो लक्ष्मण कोपरा से रामनगर टकोदिया की दूरी घटाएगा। तीसरी घोषणा में गुना के ऐतिहासिक भुजारिया तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
ये भी पढ़ें- सीधी में सनसनी: लाल पोटली में मिला मासूम का नरकंकाल, गांव में हड़कंप; तंत्र-मंत्र की आशंका से सहमे ग्रामीण
रोजगार पहली प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर तरह के उद्योगों को बढ़ावा दे रहे हैं। युवाओं का रोजगार हमारी पहली प्राथमिकता है। ग्वालियर-चंबल अंचल कभी गोलियों की आवाज से दहलता था, आज वहां विकास का परचम लहरा रहा है। उन्होंने जोड़ा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है और मध्यप्रदेश पर्यटन व पशुपालन में भी नए कीर्तिमान रचेगा। किसानों, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
रुकेगा पलायन
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि गुना में सीमेंट इकाई का लगना ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित क्षण है। लगभग सौ वर्ष पूर्व भी सिंधिया परिवार ने यहां औद्योगीकरण की नींव रखी थी। आज फिर गुना के विकास के लिए नई दीपमाला जल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब गुना के युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे प्रदेशों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सिंधिया ने कोटा-बीना रेल लाइन दोहरीकरण, तात्या टोपे विश्वविद्यालय, 5 हजार करोड़ के गुना-देवास हाईवे और 15 किमी लंबे बायपास का जिक्र कर क्षेत्र में हो रहे आधारभूत बदलाव गिनाए।
मध्यप्रदेश में उद्योग को नई रफ्तार मिली
निदेशक प्रणव अदाणी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की नीतियों से मध्यप्रदेश में उद्योग को नई रफ्तार मिली है। पीएम गति शक्ति मिशन ने लॉजिस्टिक और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है। भोपाल इन्वेस्टर्स समिट में चेयरमैन गौतम अदाणी ने एक लाख करोड़ से अधिक निवेश का वादा किया था। यह फैक्ट्री उसी संकल्प का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि कटनी, कैमोर में भी सीमेंट इकाइयां और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं।
ये भी पढ़ें- 2117 किमी सड़कें बदलेंगी गांवों की तकदीर, विकास के लिए पांच हजार करोड़; सीएम ने खोला सौगातों का पिटारा
189 करोड़ वाले 145 विकास कार्यों का भूमि-पूजन व लोकार्पण
समारोह में मुख्यमंत्री ने 1189 करोड़ रुपये की लागत वाले 145 विकास कार्यों का भूमि-पूजन व लोकार्पण किया। मंच से कामधेनु योजना, कस्टम हायरिंग सेंटर, पट्टा वितरण और आयुष्मान कार्ड सहित 22 हितग्राहियों को लाभ दिए गए। कक्षा 10वीं-12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जगह-जगह पुष्पवर्षा
हेलीपैड से दशहरा मैदान तक निकले रोड शो में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का भव्य स्वागत हुआ। रथ पर सवार नेताओं पर युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा की। पूरा शहर उत्सवी माहौल में डूबा नजर आया। प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रदेश में विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है। परियोजनाओं में ली गई जमीन का चार गुना मुआवजा दिया जा रहा है। इस बार 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन कर किसानों को उनकी मेहनत का पूरा दाम दे रहे हैं।