जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सालीवाड़ा में एक विवाह समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शहर से शादी में शामिल होने आई चार किशोरियां नहर में बह गईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों किशोरियां एक ही परिवार की थीं और रिश्तेदारी में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने सालीवाड़ा आई थीं। बुधवार सुबह वे नहाने के लिए बरगी नहर पर पहुंचीं। इसी दौरान वे किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रही थीं, तभी अचानक पैर फिसलने से सभी नहर में गिर गईं।
चार में से एक किशोरी को तैरना आता था, जिससे वह किसी तरह बाहर निकल आई और अन्य को बचाने की कोशिश की, लेकिन नहर के तेज बहाव में तीनों किशोरियां बह गईं और आंखों से ओझल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने भी बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
पढ़ें: सीएम से मिले प्रीतम लोधी: अब कहा- लड़के का जुलूस निकाला तो मैं तैश में आ गया, पार्टी ने अब हमें ट्यूशन दे दी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस, एसडीआरएफ और होमगार्ड के गोताखोर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर दो किशोरियों के शव बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान शीतल पटेल (16 वर्ष) निवासी शास्त्री नगर और सानिया पटेल (14 वर्ष) निवासी कटियाघाट के रूप में हुई है। वहीं तीसरी किशोरी तनु पटेल (14 वर्ष) निवासी कोसमघाट की तलाश देर शाम तक जारी रही।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सीएम मोहन यादव ने किया मुआवजे का एलान
आज जबलपुर के ग्राम सालीवाड़ा (बरगी) में नहर में डूबने से बच्चियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। SDERF की टीम एक बच्ची की तलाश कर रही है।
शासन की तरफ से पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारजनों को अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
।।ॐ शांति।।