जबलपुर बरेला थाना क्षेत्र के नर्मदा नदी स्थित सिलुआ घाट में स्नान करने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को नदी से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
बरेला पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10:30 बजे सिलुआ चौड़ा निवासी ध्रुव पटेल अपने मित्र सागर पटेल के साथ नर्मदा नदी में स्नान करने सिलुआ घाट पहुंचा था। नहाते समय दोनों युवक गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान सागर डूबने लगा तो ध्रुव ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ही गहरे पानी में समा गए।
घाट पर मौजूद तैराकों ने दोनों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई, लेकिन वे युवकों तक पहुंच पाते, उससे पहले ही दोनों पानी में डूब चुके थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पढ़ें: ट्रेन में आग की अफवाह सुनकर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आए; छह लोगों की मौत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। दोनों युवकों की मौत से परिजन सदमे में हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सिलुआ घाट पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं।