15 अगस्त से ठीक एक दिन पहले छात्राओं की सुरक्षा के लिए कार्रवाई करने पहुंचे थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश सड़क हादसे में घायल हो गए। वे पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं से छेड़खानी और मनचलों की शिकायत पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपित युवकों को पकड़ने के प्रयास में एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में उनके दाएं पैर में गंभीर चोट आई है।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। छुट्टी के समय विद्यालय से बड़ी संख्या में छात्राएं बाहर निकल रही थीं। विद्यालय में करीब 1300 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। पिछले कुछ दिनों से स्कूल परिसर और आसपास मनचलों द्वारा छात्राओं पर फब्तियां कसने, वीडियो बनाने और छेड़खानी करने की शिकायतें सामने आ रही थीं।
पढे़ं: युवक से मारपीट कर कार-मोबाइल लूटने वाले आरोपी गिरफ्तार, CCTV से पुलिस पहुंची गांव तक
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अशोक कनेश पुलिस टीम के साथ विद्यालय पहुंचे। बताया जा रहा है कि मौके पर कुछ युवक छात्राओं पर फब्तियां कस रहे थे और छेड़खानी कर रहे थे। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगे। उन्हें पकड़ने के प्रयास में थाना प्रभारी ने दौड़ लगाई।
इसी दौरान एक बाइक सामने आ गई और थाना प्रभारी की बाइक सवार से टक्कर हो गई। हादसे में उनके दाएं पैर में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद उन्हें थांदला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने विद्यालय और उसके आसपास मनचलों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर क्षेत्र में निगरानी और कार्रवाई और सख्त करने की बात कही है। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले छात्राओं की सुरक्षा के लिए कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी के घायल होने की घटना चर्चा में है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में मनचलों के खिलाफ और सख्ती की जाएगी।