मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के ग्रामीण क्षेत्र में बारात में शामिल होकर लौट रहे पांच युवाओं की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में सभी पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो युवक बेहोश अवस्था में आईसीयू में भर्ती हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी युवक खंडवा जिले के ग्राम बलवाड़ा में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटते समय पिपलोद थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक खंडहर मकान से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पढ़ें: दिल्ली में पढ़ाई कर रहे छात्र की मोरवा में संदिग्ध मौत, हत्या के आरोप पर परिजनों ने किया चक्काजाम
परिजनों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक अपने-अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे, जिससे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां मातम का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं घायलों का इलाज जारी है।