प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हेलीकॉप्टर के लड़खड़ाने का एक वीडियो सामने आया है, जिसे सीएम की सुरक्षा व्यवस्था से भी जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि जिस समय हेलीकॉप्टर हवा में डोल रहा था, उस समय डॉ. मोहन यादव एवं जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट खुद हेलीकॉप्टर में मौजूद थे।
दरअसल सीएम शनिवार को प्रदेश के खंडवा जिला के पंधाना में आयोजित लाड़ली बहना योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के जनजाति कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह सहित कई जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब सीएम यादव भोपाल के लिए रवाना होने हेलीकॉप्टर में बैठे, यह वीडियो उसी समय का बताया जा रहा है।
सीएम के हेलीकॉप्टर में बैठने के समय उसका मुख पूर्व दिशा की ओर था। दक्षिण दिशा में खाली मैदान था, जबकि उत्तर दिशा की ओर बड़ी संख्या में आम लोग खड़े थे। सीएम की सुरक्षा में तैनात अधिकारी हेलीकॉप्टर के सामने, कुछ दूरी पर मौजूद थे।
ये भी पढ़ें: MP Budget Session: मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से, राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत
टेकऑफ के बाद हेलीकॉप्टर को दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर मुड़ना था लेकिन वह अचानक उस दिशा में संतुलित नहीं हो पाया और हवा में डोलता हुआ दिखाई दिया। इसी दौरान हेलीकॉप्टर लगभग 45 डिग्री तक तिरछा होकर पहले पूर्व दिशा में सीधा हुआ और फिर उत्तर दिशा की ओर बढ़ने लगा, जहां बड़ी संख्या में लोग खड़े थे।
हेलीकॉप्टर के उस ओर बढ़ने से तेज हवा और धूल का गुबार उठा, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग डरकर वहां से दूर हटने लगे। इस दौरान हेलीकॉप्टर कुछ नीचे भी आया, जिससे आमजन और अधिकारियों की सांसें थम सी गईं। इसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को नियंत्रित किया और उसे पुनः दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर मोड़ दिया। फिर हेलीकॉप्टर ने सामान्य रूप से उड़ान भरी और अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।
इस घटना ने वहां मौजूद लोगों को हाल ही में अजीत पवार से जुड़ी विमान दुर्घटना की याद दिला दी। हालांकि अधिकारियों ने इसे सामान्य स्थिति बताया है। उनका कहना है कि उड़ान के समय अधिक धूल उड़ने के कारण क्षणिक असंतुलन की स्थिति बनी थी।