मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को खंडवा जिले की पंधाना विधानसभा में आयोजित राज्य स्तरीय भूमि पूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लाडली बहना योजना के तहत फरवरी माह की राशि हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर की। इसी मंच से उन्होंने कांग्रेस पर भी टिप्पणी की।
कांग्रेस पर बयान और राजनीतिक प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब लाडली बहनों को पैसे देने की बात होती है तो कांग्रेस के लोग कहते हैं कि लाडली बहनें दारू पी जाती हैं। उन्होंने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि बहनें यदि एक रुपया भी पाती हैं तो वह अपने परिवार को मजबूत करने में लगाती हैं। उन्होंने आगे कहा कि जिसकी जैसी भावना होती है, उसे वैसा ही बदला देना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से कहा कि लोकतंत्र में जवाब देने का दिन मतदान का दिन होता है और उसी दिन हिसाब चुकता करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस 20 साल से सत्ता से बाहर है और आगे भी 20 साल बाहर रहेगी, तथा बहनों का श्राप उन्हें लगेगा।
पढ़ें- Khandwa: सवा करोड़ बहनाओं के खाते में राशि हुई ट्रांसफर, जमकर थिरकीं जनप्रतिनिधि सहित महिलाएं
महिलाओं के सम्मान और योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं का विशेष सम्मान है और प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से लाडली बहना योजना प्रारंभ की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले गरीब परिवार बेटियों की शादी के लिए कर्ज लेते थे, लेकिन अब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 55 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।
1.25 करोड़ हितग्राहियों को राशि हस्तांतरण
पंधाना में आयोजित कार्यक्रम में लाडली बहना योजना की प्रदेश की कुल 1.25 करोड़ हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1836 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई। इनमें खंडवा जिले की लगभग दो लाख हितग्राही महिलाएं भी शामिल हैं।