मंडला जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खर्राछापर में खेत में मिले 40 वर्षीय युवक के संदिग्ध शव के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी और साक्ष्य छिपाने में मदद करने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खर्राछापर निवासी 40 वर्षीय इंदर सिंह मरावी का शव सोमवार सुबह एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रविवार रात इंदर सिंह घर से गुटखा लेने निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
घटना की सूचना मिलते ही मोहगांव पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसडीओपी पी.एस. बालरे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच तेज की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के भतीजे प्रमोद मरावी पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका चाचा इंदर सिंह से लंबे समय से जादू-टोने के शक को लेकर विवाद चल रहा था।
पढ़ें: जब नर्मदा की लहरों पर साथ दिखेंगे दो ज्योतिर्लिंग, आज सावन के पहले सोमवार पर बनेगा दिव्य नजारा
आरोपी के अनुसार, घटना वाली रात पत्नी की तलाश के दौरान उसकी मुलाकात इंदर सिंह से हुई। उसे संदेह हुआ कि मृतक मोबाइल फोन पर जादू-टोने से जुड़ी बातें कर रहा है और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहा है। इसी शक में उसने कुल्हाड़ी से हमला कर इंदर सिंह की हत्या कर दी।
हत्या के बाद प्रमोद मरावी ने वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी अपने दोस्त दालचंद्र परते के बकरी रखने वाले कोठे में छिपा दी। बाद में उसने दालचंद्र को फोन कर घटना की जानकारी दी और हथियार छिपाने के लिए कहा। इस पर दालचंद्र ने कुल्हाड़ी गांव के पास स्थित तालाब में फेंक दी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रमोद मरावी और साक्ष्य छिपाने में सहयोग करने वाले दालचंद्र परते को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने पूछताछ में अपना-अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
एसडीओपी पी.एस. बालरे ने बताया कि मृतक और मुख्य आरोपी चाचा-भतीजे हैं। दोनों के बीच पहले से विवाद था और जादू-टोने के शक को लेकर गांव में भी चर्चाएं थीं। ग्रामीणों से मिली जानकारी और संदेह के आधार पर पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।