मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पिता के साथ बाइक से अपने गांव जा रही एक विवाहिता से तीन अज्ञात बदमाशों ने कट्टे की नोक पर लाखों रुपये के सोने के जेवर, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, धनेला निवासी राकेश सिंह गुर्जर अपनी विवाहिता पुत्री प्रवेश गुर्जर को चांचूल गांव से बाइक पर लेकर अपने गांव धनेला लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे, जब वे जौरा के पगारा रोड पर पुलिस चौकी से कुछ दूरी आगे पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाश उनके पास पहुंचे। बदमाशों ने चलते-चलते राकेश गुर्जर की बाइक की चाबी निकाल ली, जिससे उनकी बाइक बंद हो गई। इसके बाद दो बदमाशों ने, जिन्होंने कपड़े से अपने चेहरे ढंके हुए थे, पिता और पुत्री पर कट्टा तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए लूटपाट शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- सेल्फी का एक पल और उजड़ गई कई घरों की दुनिया: वॉटरफॉल से लौट रहे छह दोस्तों को हाईवा ने कुचला, पांच की मौत
बदमाश विवाहिता के पास मौजूद सोने की चार चूड़ियां, दो अंगूठियां, एक बड़ा मंगलसूत्र, पांच पुतरिया वाला एक मंगलसूत्र, कान का एक झाला, साथ ही राकेश गुर्जर का मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल जौरा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाके में बदमाशों की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस का कहना है कि फरियादी की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित फरार मार्गों पर भी जांच की जा रही है। दिनदहाड़े पुलिस चौकी के नजदीक हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।