सागर जिले के बीना-खुरई सड़क मार्ग पर सोमवार रात को कार की टक्कर से घायल दो गायों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने कार में आग लगा दी। घटना के बाद बीना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हर्षित पिता कमल सिंह राजपूत (21) निवासी ग्राम भगोदा जिला विदिशा अपनी कार (एमपी04जेडएफ1614) से दोस्त गौतम लोधी के साथ सोमवार रात बीना से खुरई की तरफ जा रहा था। इस दौरान रास्ते में बाधा की पुलिया के पास कार के सामने अचानक दो गाय आ गईं, जिससे कार गायों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
कार की टक्कर से दोनों गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, इस दौरान कार सवार लोग भाग निकले। स्थानीय लोग गायों को इलाज के लिए ले गए, लेकिन इस दौरान उनकी मौत हो गई। गायों की मौत से गुस्साए लोगों ने कार में आग लगा दी।
घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। मामले में बीना पुलिस थाना ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 326 एफ, 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कार में आग लगाई