मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन के पहले ही दिन अव्यवस्थाएं सामने आ गईं। सागर की कृषि उपज मंडी में खरीदी शुरू न होने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को सागर बीना रोड पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौके पर पहुंचे और सरकार पर निशाना साधा। मंडी पहुंचे किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार ने खरीदी शुरू करने का दावा किया था, लेकिन हम्मालों की हड़ताल के कारण तौल का कांटा तक नहीं चला। सैकड़ों किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर मंडी के बाहर जमा हो गए। किसानों ने कहा कि उनकी फसल खुले आसमान के नीचे पड़ी है, लेकिन प्रशासन उनकी सुध नहीं ले रहा है।
जीतू पटवारी पहुंचे किसानों के बीच
इसी दौरान भोपाल से छतरपुर जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को किसानों ने खुरई रोड पर रोक लिया। किसानों की समस्या सुनने के बाद पटवारी खुद मंडी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जीतू पटवारी ने सागर कलेक्टर संदीप जीआर से फोन पर बात की और सख्त लहजे में कहा कि किसानों की फसल की तुलाई तुरंत शुरू कराई जाए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार केवल विज्ञापनों में किसानों की चिंता करती है, जबकि जमीन पर किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि हम्मालों की समस्या का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसका खामियाजा किसानों को नहीं भुगतना चाहिए। पटवारी ने चेतावनी दी कि अगर जल्द खरीदी शुरू नहीं हुई तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
ये भी पढ़ें- MP की एक और सोनम: 11 साल की शादी पर भारी पड़ा नौ साल का प्यार, आशिक के साथ दस दिन पहले रच ली थी खौफनाक साजिश
प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने हम्मालों और मंडी प्रबंधन के बीच समन्वय बनाकर जल्द खरीदी शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया, लेकिन शाम तक मंडी में स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई।