सागर जिले के चर्चित दीपशिखा हत्याकांड में पुलिस को चार महीने बाद बड़ी कामयाबी मिली है। शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में पदस्थ नर्स दीपशिखा चढ़ार की सरेराह गोली मारकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी सुशील चढ़ार को पुलिस ने जबलपुर के मुड़िया गांव से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी जब्त की है। इस वारदात में आरोपी की मदद करने और उसे हथियार मुहैया कराने वाले उसके चचेरे भाई को भी पुलिस ने दबोचा है।
एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया बड़ा खुलासा
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में मामले का पटाक्षेप करते हुए सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि बीते 4 फरवरी की रात शाहगढ़ अस्पताल के बाहर नर्स दीपशिखा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। आखिरकार पुख्ता सूचना के आधार पर आरोपी सुशील चढ़ार (निवासी मुड़िया, पनागर, जबलपुर) को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पढ़ें: कुएं की खुदाई के दौरान मलबा धंसा, सास-बहू 50 फीट गहराई में दबीं, एक की हुई मौत
रिश्तेदारी, एकतरफा प्यार और खूनी अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो कबूलनामा किया है, वह बेहद चौंकाने वाला है। जांच में सामने आया कि आरोपी सुशील और मृतका दीपशिखा आपस में रिश्तेदार थे। सुशील उससे एकतरफा प्यार करता था और शादी के लिए अड़ा था। दोनों के बीच रिश्तेदारी होने के कारण लड़की और लड़के, दोनों के ही परिवार इस शादी के सख्त खिलाफ थे।इस बीच दीपशिखा की नौकरी शाहगढ़ अस्पताल में लग गई और वह वहां रहने लगी। इसके बावजूद सनकी आशिक ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और लगातार शादी का दबाव बनाता रहा। जब दीपशिखा ने शादी से साफ मना कर दिया, तो आरोपी आपा खो बैठा। 4 फरवरी की रात वह शाहगढ़ अस्पताल पहुंचा और बाहर निकलते ही दीपशिखा पर पिस्टल से फायर कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मददगार चचेरा भाई भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
एसपी अनुराग सुजानिया के मुताबिक, इस हत्याकांड में सुशील अकेले नहीं था। वारदात के लिए अवैध पिस्टल उसके चचेरे भाई ने ही अरेंज कराई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पिस्टल बरामद करने के साथ ही उसके भाई को भी सह-आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।