सागर जिले की देवरी कलां में गुरुवार शाम हुई मूसलाधार बारिश ने नगर का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। लगभग 40 मिनट तक चली इस भारी बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया।
शाम को करीब 4:30 बजे अचानक शुरू हुई तेज और घनघोर बारिश से लोग घबरा गए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मौसम में इतनी तेज बारिश पहले कभी नहीं हुई। बिजली की गर्जना के साथ आई इस बारिश ने नगर की सूरत बिगाड़ दी, जिससे सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। नगर की मुख्य सड़क पर, विशेष रूप से पोस्ट ऑफिस के सामने, लगभग एक फीट तक नालियों का पानी सड़क पर बहने लगा। गन्नी तिगड्डा से खंडेराव मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर 3 फीट तक पानी भर गया, जिससे स्कूली बच्चों और शिक्षिकाओं को निकलने में कठिनाई हुई। जवाहर वार्ड में भी कई घरों में पानी घुस गया, और निचली बस्तियों की झुग्गी-झोपड़ियों में भी पानी भर गया। पक्के मकानों में भी पानी का रिसाव हुआ, और नालियों में भरी गंदगी सड़कों पर बहने लगी। दिन में ही चार पहिया वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी। तेज बारिश से नदियों में जलस्तर भी अचानक बढ़ गया।
गुरुवार को दिन भर बादलों और सूर्य के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। शाम साढ़े चार बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। 40 मिनट के दौरान लगभग 50 मिलीमीटर यानी 2 इंच बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी दिनों में बारिश का यह दौर जारी रह सकता है।

सागर के देवरी में बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।
सागर में कुछ बस्तियों में पानी भर गया है।