स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में शानदार प्रदर्शन कर देश में छठा, देश की नगर पालिकाओं में दूसरा और मध्यप्रदेश में पहला स्थान हासिल करने वाली सीहोर नगर पालिका अब और बेहतर लक्ष्य की ओर अग्रसर है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर शहर की सफाई और व्यवस्थाओं को निरंतर बनाए रखने के लिए स्वयं मोर्चा संभाल चुके हैं। वे नगर पालिका सीएमओ सुधीर कुमार के साथ बुलड गाड़ी में सवार होकर शहर के विभिन्न वार्डों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।
हर शिकायत का मौके पर समाधान
शहर भ्रमण के दौरान प्रिंस राठौर नागरिकों से सीधे संवाद कर सफाई व्यवस्था का फीडबैक ले रहे हैं। यदि किसी क्षेत्र में समस्या की जानकारी मिलती है तो संबंधित सफाई अधिकारी या कर्मचारी को मौके पर बुलाकर त्वरित समाधान भी करा रहे हैं। शहर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाने की इस पहल को नागरिकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। सोशल मीडिया पर नगर पालिका अध्यक्ष का निरीक्षण करते हुए वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
पढ़ें: नाबालिग के साथ चार युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने कहा- प्रेम प्रसंग का है मामला
अपने ही वार्ड में नहीं दिखे सफाईकर्मी, जताई नाराजगी
सोमवार को प्रिंस राठौर और सीएमओ सुधीर कुमार ने वार्ड क्रमांक 13 और 15 का निरीक्षण किया। वार्ड क्रमांक 15, नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर का अपना वार्ड है, जहां से वे निर्विरोध पार्षद चुने गए हैं। भ्रमण के दौरान जब उन्हें सफाईकर्मी नजर नहीं आए तो उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारी से फोन पर नाराजगी जताई। वीडियो में वे कहते सुने जा सकते हैं कि आज मैं अपने ही वार्ड में हूं, और यहां एक भी सफाईकर्मी दिखाई नहीं दे रहा।" इसके बाद सफाई विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की गई।
जनभागीदारी से बदलेगी शहर की तस्वीर
सीहोर की यह सफलता न सिर्फ नगर पालिका की कार्यप्रणाली का प्रमाण है, बल्कि हर नागरिक और विशेष रूप से सफाई मित्रों की मेहनत का परिणाम भी है। प्रिंस राठौर की सक्रियता और जवाबदेही से शहर में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक माहौल बना है और आम लोगों में भी जागरूकता बढ़ी है। नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सीहोर आने वाले सर्वेक्षण में देशभर में नंबर-1 बन सके।