सीहोर में मंगलवार को इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चावल से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और कुछ ही सेकंड में आग का गोला बन गया। हादसा इतना भयावह था कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। राहत की बात यह रही कि चालक और क्लीनर ने मौत को मात देते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।
बीते दिन जब इंदौर-भोपाल राज्य राजमार्ग पर सामान्य यातायात चल रहा था। तभी इसी दौरान जताखेड़ा के पास चावल से लदा ट्रक तेज रफ्तार में आगे बढ़ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार बेहद तेज थी। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक के सड़क पर पलटते ही हादसा और भयावह हो गया। केबिन और पिछले हिस्से से अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा ट्रक उसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा।
मौत सामने थी, लेकिन कूदकर बची जान
हादसे के वक्त ट्रक में मौजूद चालक और क्लीनर के सामने मौत साफ दिखाई दे रही थी। लेकिन दोनों ने हिम्मत दिखाई और समय रहते ट्रक से बाहर कूद गए। उनकी सूझबूझ ने बड़ी जनहानि टाल दी। हादसे में दोनों सुरक्षित बच गए। ट्रक में भारी मात्रा में चावल भरा हुआ था। आग लगते ही पूरा माल इसकी चपेट में आ गया। कुछ ही देर में लाखों रुपये कीमत का चावल जलकर राख हो गया। ट्रक का बड़ा हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार हादसे में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ये भी पढ़ें- भोपाल की लुटेरी गैंग पर कार्रवाई: राह चलते छीनते थे मोबाइल फोन, फर्जी नंबर प्लेट से देते थे चकमा; चार गिरफ्तार
हाईवे पर मचा हड़कंप, लोगों की लगी भीड़
ट्रक में आग लगने के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। दूर से उठती आग की ऊंची लपटें और काला धुआं देखकर राहगीर रुक गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए तत्काल अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। हालांकि, तब तक ट्रक और उसमें भरा अधिकांश माल पूरी तरह जल चुका था।
हाईवे पर लंबा जाम, यातायात ठप
हादसे के बाद इंदौर-भोपाल राज्य राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। ट्रक के सड़क पर पलटने और आग लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और वैकल्पिक मार्गों से आवाजाही शुरू कराई। आग बुझने के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। सीएसपी अभिनंदना शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।