टीकमगढ़ जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के हथेरी गांव में 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने मौत से पहले एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें उसने अपनी मृत्यु के लिए अपनी प्रेमिका को जिम्मेदार बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हथेरी गांव निवासी रामलखन अहिरवार का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था।
दोनों के बीच लंबे समय से मोबाइल और सोशल मीडिया के माध्यम से बातचीत होती थी। रोजगार की तलाश में रामलखन दिल्ली चला गया, जहां वह मजदूरी करता था। इस दौरान भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले युवती ने रामलखन से बातचीत बंद कर दी और सोशल मीडिया पर उसे ब्लॉक कर दिया। इससे परेशान होकर रामलखन दिल्ली से वापस गांव लौट आया और युवती से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उसने मिलने से इनकार कर दिया। इसी बीच उसे जानकारी मिली कि युवती का विवाह कहीं और तय हो गया है।
इस घटना से आहत रामलखन पिछले कुछ दिनों से गांव के खेतों में अकेले घूमता रहा और मोबाइल से वीडियो बनाता रहा। सोमवार सुबह उसने अंतिम वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने युवती पर बेवफाई का आरोप लगाया। इसके बाद खेत में लगे महुआ के पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और फिलहाल इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
ये भी पढ़ें- सीताराम डाक कांवड़ यात्रा: रामेश्वरम से इंदौर तक 2100 किलोमीटर दौड़ते हुए करेंगे सफर, 10 अगस्त को पहुंचेंगे
मोहनगढ़ थाना प्रभारी अंकित दुबे ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस वीडियो सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।