विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में आज फिल्म जगत की चर्चित हस्तियों ने दर्शन कर आस्था प्रकट की। सुप्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर और अभिनेत्री शुभांगी दत्त ने मंदिर पहुंचकर भस्म आरती में भाग लिया और भगवान महाकाल के दर्शन किए। उनके आगमन से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
दर्शन के बाद अनुपम खेर ने सभा मंडप में भगवान वीरभद्र, चंद्रादित्येश्वर महादेव और आदिगुरु शंकराचार्य का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दोनों कलाकारों का पारंपरिक स्वागत-सत्कार भी किया गया।
पढ़ें: 11 साल के मासूम का बेरहमी से कत्ल, घर के नीले ड्रम में छिपाया हुआ था शव; पूरे इलाके में दहशत
मीडिया से बातचीत में अनुपम खेर ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि महाकाल के दरबार में आकर आत्मा और शरीर दोनों शुद्ध हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां सदियों से चली आ रही परंपराएं अद्भुत हैं और हर व्यक्ति यहां समान है, चाहे वह किसी भी पद या पहचान का हो। उन्होंने मंदिर की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
अनुपम खेर ने कहा, “मैं यहां एक सेलिब्रिटी के रूप में नहीं, बल्कि एक साधारण भक्त के रूप में आता हूं। महाकाल के दरबार में माथा टेककर एक अलग ही शांति और पवित्रता का अनुभव होता है। मेरी प्रार्थना है कि भगवान शिव सभी की रक्षा करें और सब पर कृपा बनाए रखें।”