जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास व उमंग के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। कलेक्टर सिंह द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रगान और हर्ष फायर हुआ। तत्पश्चात परेड दलों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया गया। परेड दल का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह ने किया। मार्च पास्ट उपरांत कलेक्टर सिंह ने परेड दल नायकों से परिचय भी प्राप्त किया।
परेड में 32वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून, जिला पुलिस बल महिला प्लाटून और जिला होमगार्ड प्लाटून,भारतीय ज्ञानपीठ स्कूल,विजय राजे गर्ल्स स्कूल सब्जी मंडी,10 एमपी बटालीयन एनसीसी दशहरा मैदान गर्ल्स स्कूल,2 एमपीआरटी बेट्री एनसीसी बटालियन शासकीय उ.मा.वि माधवनगर, 1 एमपी नेवल एनसीसी शासकीय उ.मा.वि माधवनगर,विजय राजे एनएसएस स्कूल, शौर्य दल,स्काउड गाईउ शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय माधवनगर,एनआरएस और 32 वाहिनी बैंड दल द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। कलेक्टर सिंह ने परेड की सलामी ली और आनंद, उल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारे हवा में मुक्त विचरण के लिए छोड़े। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के भोपाल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश वासियों को दिए संदेश का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया।
ये भी पढ़ें- आजादी के आंदोलन में प्रजा मंडल के योगदान से हुई थी इंदौर रियासत में उत्तरदायी शासन की स्थापना
कार्यक्रम में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया गया। इसके पश्चात स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। अशासकीय एसकेबीएम स्कूल के बच्चों द्वारा देश भक्ति गीत-अबके बरस तुझे धरती की रानी, शासकीय उमावि महाराजवाडा क्र.01 के बच्चों द्वारा देश भक्ति गीत-आज दिल पर हाथ रख के ये कसम ले, शासकीय जालसेवा निकेतन उमावि के बच्चों द्वारा-देश भक्ति गीत-कर चले हम फिदा जानोतन, अशासकीय कादंबिनी चिल्ड्रन अकादमी के बच्चों द्वारा- देश भक्ति गीत -मेरा रंग दे बसंती चोला, और अशासकीय मदरलेंड स्कूल के बच्चों द्वारा ऑपरेशन सिंदूर पर आकर्षक प्रस्तुति दी गई। समारोह में प्रस्तुत परेड में 32वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल प्रथम,जिला पुलिस बल द्वितीय एवं होमगार्ड प्लाटून तीसरे स्थान पर रहा। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय जालसेवा निकेतन उमावि प्रथम, अशासकीय मदरलेंड इग्लीश स्कूल द्वितीय और शासकीय उमावि महाराजवाडा क्र.01 तृतीय स्थान पर रहा।
ये भी पढ़ें- CM ने धोती-कुर्ता और सतरंगी पगड़ी पहन फहराया तिरंगा,बोले-जो जैसा,उसे वैसा जवाब दिया
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय उमावि दशहरा मैदान में पीएम पोषण कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली बच्चों के लिए आयोजित किए गए विशेष भोज में शामिल होकर विद्यार्थियों के साथ भोजन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, सीईओ जिला पंचायत जयति सिंह, ,नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने छात्रों के साथ सहभोज किया। भोजन में आलु छोले की सब्जी,मिक्स वेज,पकोडे ,पुडी,सलाद,पापड और खीर बनाई गई थी। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी आनंद शर्मा ,एपीसी गिरीश तिवारी, विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती अर्चना शुक्ला ने अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया।
स्वतंत्रा संग्राम सेनानियों का सम्मान किया
उज्जैन जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी 99वें वर्ष के प्रेम नारायण नागर का उनके निवास पर पहुंचकर पुष्पमाला, शॉल और श्रीफल भेंट कर तहसीलदार रुपाली जैन द्वारा सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता संग्राम सैनानी प्रेमनारायण नागर ने स्वतंत्रता आंदोलन में सहभागिता की थी। इसी के साथ जिला प्रशासन द्वारा लोकतंत्र सेनानी अशोक कोटवानी और जितेंद्र गोठरवाल का उनके निवास पर पहुंचकर पुष्पमाला, शॉल और श्रीफल भेंट कर तहसीलदार रुपाली जैन द्वारा सम्मान किया गया।

बुजुर्गों का सम्मान किया गया.
बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुति