श्री महाकालेश्वर मंदिर में वैशाख शुक्ल पक्ष की मोहनी एकादशी तिथि गुरुवार की सुबह चार बजे हुई भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का पंचामृत पूजन-अभिषेक कर आकर्षक स्वरूप में शृंगार किया गया। शृंगार के बाद बाबा महाकाल को भस्म रमाई गई। इस दौरान भक्तों ने इन दिव्य दर्शनों का लाभ लिया और जय श्री महाकाल के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि वैशाख शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि पर आज श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल का विशेष शृंगार किया गया। इस दौरान भस्म आरती के लिए सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलते ही पंडे पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर फलों के रस से बने पंचामृत को अर्पित कर किया। इसके बाद प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर, उज्जैन में जश्न, ढोल बजाकर फोड़े पटाखे, एक दूसरे को खिलाई मिठाई
कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट और मोगरे की माला धारण करवाई गई। आज के शृंगार की विशेष बात यह रही कि आज बाबा महाकाल को मस्तक पर वैष्णव तिलक से सजाया गया। शृंगार के बाद बाबा महाकाल के ज्योतिर्लिंग को महानिर्वाणी अखाड़े के द्वारा भस्म रमाई गई और फिर कपूर आरती कर भोग भी लगाया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने बाबा महाकाल के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और बाबा महाकाल की भक्ति में लीन होकर जय श्री महाकाल का उद्घोष करने लगे।
यह भी पढ़ें: भस्म आरती में मस्तक पर त्रिपुंड लगाकर सजे बाबा महाकाल, गायिका शहनाज ने किए दर्शन
जल पात्र भेंट किया
श्री महाकालेश्वर मंदिर में मध्यप्रदेश के सारंगपुर पधारे भक्त अध्ययन कुमार द्वारा पुरोहित पीयूष चतुर्वेदी व श्रेयस चतुर्वेदी की प्रेरणा से भगवान श्री महाकालेश्वर को एक नग रजत का छत्र, एक नग रजत हार और एक नग भोग का पात्र भेंट किया, जिसका कुल वजन लगभग 1127.400 है। इसे श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्राप्त पर दानदाता का सम्मान किया व विधिवत रसीद प्रदान की गई। यह जानकारी कोठार शाखा के मनीष पांचाल द्वारा प्रदान की गई। जब कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में नई दिल्ली से पधारे भक्त द्वारा गुप्त दान में पुजारी अर्पित शर्मा की प्रेरणा से भगवान श्री महाकालेश्वर को गंगाल पात्र भेंट किया, जिसका कुल वजन 7163.000 है। इसे श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्राप्त पर दानदाता का सम्मान किया व विधिवत रसीद प्रदान की गई। यह जानकारी कोठार शाखा के मनीष पांचाल द्वारा प्रदान की गई।
यह भी पढ़ें: मस्तक पर त्रिपुंड लगाकर रमाई भस्म, आकर्षक स्वरूप में नजर आए बाबा महाकाल
महाकाल मंदिर के बाहरी एवं आंतरिक क्षेत्र का निरीक्षण किया
श्री महाकालेश्वर मंदिर में व्यवस्था के संबंध में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक द्वारा अन्य अधिकारियों के साथ श्री महाकालेश्वर मंदिर के बाहरी एवं आंतरिक क्षेत्र का निरीक्षण किया गया तथा संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान प्रशासक कौशिक द्वारा उज्जैन विकास प्राधिकरण व स्मार्ट सिटी उज्जैन के अधिकारियों व मंदिर के कार्यरत एजेंसियों को मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य-विद्युत व्यवस्था, सफाई व्यवस्था व सुरक्षा आदि के संंबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही मंदिर के बाहरी परिसर में हो रहे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश प्रदान किए।