भाजपा विधायक व मध्य प्रदेश शासन की पूर्व कैबिनेट मंत्री मीना सिंह का करीब एक मिनट 10 सेकंड का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मीना सिंह मंच से मौजूद लोगों के साथ भारत माता की जय के नारे लगवाती दिखाई दे रही हैं। इसी दौरान जब सामने बैठी कुछ महिलाओं की ओर से नारा नहीं लगाया जाता, तो वह मंच से कहती सुनाई देती हैं, महिलाएं क्यों नहीं बोलीं... लाड़ली बहना बंद करना है। यही कथित टिप्पणी अब सोशल मीडिया पर चर्चा और बहस का विषय बन गई है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो छह जून को ग्राम पंचायत कुदरी नंबर-02 में आयोजित अटल सेवा सदन के लोकार्पण कार्यक्रम का है। इस कार्यक्रम में मीना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में भी उन्हें विधायक (पूर्व कैबिनेट मंत्री, मध्य प्रदेश शासन), विधानसभा क्षेत्र मानपुर के रूप में आमंत्रित किया गया था।
उमरिया में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे राष्ट्रभक्ति के समर्थन में दिया गया सामान्य संबोधन बता रहे हैं, जबकि कई लोग मंत्री की कथित टिप्पणी को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह वीडियो तेजी से साझा किया जा रहा है।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मीना सिंह ने यह टिप्पणी किस संदर्भ में की थी और उनके बयान का पूरा वीडियो क्या कहता है। वायरल हो रहा क्लिप केवल लगभग 1 मिनट 10 सेकंड का है, जिससे पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि स्पष्ट नहीं हो रही है।
फिलहाल इस मामले में भाजपा विधायक मीना सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से भी वीडियो को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें- इंदौर का चर्चित हत्याकांड: पत्नी की हत्या, फिर रचा 'कोबरा कांड'; साढ़े छह साल बाद आरोपी बैंककर्मी को उम्रकैद
वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें सुनाई दे रही बातों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि, सोशल मीडिया पर इसके वायरल होने के बाद यह राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है। आने वाले समय में यदि इस मामले पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया आती है, तो तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल इतना तय है कि एक छोटे से वीडियो ने जिले की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है और लोग अब इस वायरल क्लिप के पीछे की पूरी कहानी जानने का इंतजार कर रहे हैं।
मीना सिंह का वीडियो बना चर्चा का विषय- फोटो : credit