शहर में तेजी से मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे सामान्य चिकित्सालयों में मरीजों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में खांसी, जुकाम, बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या में अचानक वृद्धि देखी गई है। अस्पताल की ओपीडी में अब प्रतिदिन लगभग 1000 मरीज पहुंच रहे हैं, जबकि पहले यह संख्या करीब 600 थी।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. भवानी शंकर के अनुसार सबसे अधिक मरीज खांसी की समस्या लेकर आ रहे हैं, जो मौसम परिवर्तन का असर है। हालांकि यह किसी वायरस के कारण नहीं है, लेकिन लोग भ्रमित हो रहे हैं। यह खांसी लंबे समय तक चल सकती है, जिससे घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सलाह दी कि मरीज मेडिकल स्टोर से सीधे दवा लेने की बजाय वरिष्ठ चिकित्सक से परामर्श लें ताकि बीमारी को समय रहते रोका जा सके।
बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों को मुख्यालय पर बने रहने और नियमित अस्पताल आने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अस्पताल में दवाओं की मांग भी बढ़ गई है, जिससे दवा वितरण केंद्रों पर लंबी लाइनें लग रही हैं।