पिछले कुछ दिनों में शहर में हुई चर्चित आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश शनिवार को अलवर पहुंचे। उन्होंने शालीमार नगर स्थित जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश के घर हुई डकैती की वारदात के घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि जीएसटी सहायक आयुक्त के घर हुई डकैती का जल्द खुलासा किया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर कार्रवाई जारी है।
पढ़ें: चार प्रसूताओं की मौत के बाद बांसवाड़ा अस्पताल में नया मोड़, पीएमओ ने भेजा VRS आवेदन
उन्होंने कहा कि अलवर में हाल के दिनों में कुछ बड़ी आपराधिक घटनाएं हुई हैं, लेकिन जिले की पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में टीम लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और कई मामलों का त्वरित खुलासा भी किया गया है। अब इन बड़ी वारदातों पर विशेष फोकस करते हुए अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बल और संसाधनों की कमी से जुड़े सवाल पर आईजी ने कहा कि सरकार और पुलिस मुख्यालय लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं। हाल ही में राजस्थान सरकार ने 10 हजार कांस्टेबलों की भर्ती की है। बढ़ती जनसंख्या और बदलती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस बल और संसाधनों में भी लगातार बढ़ोतरी की जा रही है।
आईजी ने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नई रणनीति के तहत निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।