बारां जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस सूचना के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
धमकी मिलने के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर जिला न्यायालय परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया है। कोर्ट में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और परिवादियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन के आला अधिकारी स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें: जैसलमेर में लू का असर: भीषण गर्मी के बीच स्कूल समय बदला, छोटे बच्चों के लिए सुबह की शिफ्ट लागू
घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया है, जो सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से नगर परिषद की दमकल और एम्बुलेंस को भी कोर्ट परिसर के बाहर तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। धमकी की खबर फैलते ही कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल पुलिस यह जांच करने में जुटी है कि यह धमकी भरा संदेश कहां से और किसके द्वारा भेजा गया है।
बांसवाड़ा में भी मिली धमकी
इधर बांसवाड़ा के डूंगरपुर में जिला कलेक्टर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। ईमेल के जरिए कलेक्ट्री परिसर में 16 बम रखे जाने की सूचना मिलते ही पूरे परिसर को तत्काल खाली कराया गया और भारी पुलिस बल तैनात कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस टीम ने हैंड मेटल डिटेक्टर की मदद से कलेक्टर कार्यालय, जिला परिषद, जिला न्यायालय, अधिवक्ता कक्ष सहित सभी सरकारी भवनों की बारीकी से जांच की, वहीं सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
जांच के दौरान कहीं भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। जिला कलेक्टर देशलदान ने बताया कि सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते को अलर्ट किया गया था और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की गई, फिलहाल यह ईमेल किसने भेजा इसकी जांच जारी है।