राजस्थान की वस्त्र नगरी के रूप में पहचान रखने वाले भीलवाड़ा को अब एयर और रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में नई सौगात मिलने की उम्मीद जगी है। केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को कहा कि भीलवाड़ा देश की अग्रणी टेक्सटाइल नगरी है और यहां के उद्योगपतियों की मेहनत, दूरदर्शिता और उद्यमशीलता ने इसे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष पहचान दिलाई है। वे भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन की ओर से रीको ग्रोथ सेंटर स्थित फेडरेशन भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भीलवाड़ा के समग्र विकास में एयर और रेल कनेक्टिविटी की कमी लंबे समय से बड़ी चुनौती रही है। केंद्र सरकार इन दोनों क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार और निर्यात को गति देने के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विकास समय की जरूरत है।
समारोह में केंद्रीय मंत्री का स्वागत सांसद दमोदर अग्रवाल और फेडरेशन पदाधिकारियों ने किया। मंत्री मेघवाल ने बताया कि सांसद उन्हें हमीरगढ़ हवाई पट्टी भी लेकर गए, जहां उन्होंने मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और क्षेत्र की जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भीलवाड़ा को बेहतर एयर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और रेल नेटवर्क को भी मजबूत किया जाएगा।
पढ़ें: बाइक सवार तीन लोगों को ट्रेलर ने रौंदा, तीनों की मौत; चालक फरार
केंद्रीय मंत्री ने टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि उद्योग जगत को वित्त मंत्रालय, निर्यात, प्रोसेसिंग या अन्य मंत्रालयों से जुड़े किसी भी विषय को केंद्र सरकार तक पहुंचाने की जरूरत होगी, तो वे उसे पूरी संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने पूर्व में टेक्सटाइल क्षेत्र के लिए आयोजित टीयूएफएस शिविर का उल्लेख करते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर ऐसे शिविर फिर आयोजित किए जाएंगे, ताकि उद्योगों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
मेघवाल ने भीलवाड़ा को मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बताते हुए कहा कि राजस्थान में यदि मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापित होता है तो उस पर भीलवाड़ा का पहला अधिकार बनता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी। इससे जिले के औद्योगिक विकास, रोजगार और निवेश को नई गति मिलेगी।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भीलवाड़ा देश की वस्त्र नगरी के रूप में विख्यात है। यहां करीब 35 हजार करोड़ रुपये का टर्नओवर और हजारों करोड़ रुपये का निर्यात इसकी औद्योगिक क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने केंद्र सरकार से भीलवाड़ा की एयर और रेल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि हमीरगढ़ हवाई पट्टी का विकास और नियमित हवाई सेवा शुरू होने से उद्योग, व्यापार और निर्यात क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी, फेडरेशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उद्योगपति मौजूद रहे।
हमीरगढ़ हवाई पट्टी का किया निरीक्षण
अभिनंदन समारोह से पहले केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हमीरगढ़ हवाई पट्टी का दौरा कर वहां की मौजूदा व्यवस्थाओं और एयर कनेक्टिविटी की संभावनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने हवाई पट्टी की वर्तमान स्थिति और संभावित विकास कार्यों की जानकारी दी। ड्यून्स एविएशन अकादमी के प्रतिनिधियों ने भी प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी साझा की।