महात्मा गांधी चिकित्सालय में हाल ही में हुई पांच प्रसूताओं की मौत के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने सोमवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने घटना पर गहरा रोष जताते हुए सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
महिला कांग्रेस और जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के जिलाध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक तथा महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और बाद में एडीएम (प्रशासन) प्रतिभा तिवाड़िया को ज्ञापन सौंपा।
शिवराम जी.पी. खटीक ने कहा कि यदि जांच में चिकित्सकीय या प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मातृ स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे मामलों में सरकार को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए और दोषियों को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा कि प्रशासन को इस मामले में जवाबदेही तय करनी होगी। उन्होंने कहा कि कोटा में भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है। यदि भीलवाड़ा में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं हुआ और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी जनआंदोलन करेगी। उन्होंने जांच समिति से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
पढ़ें: झालावाड़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, 3 घंटे धरने के बाद मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
एडवोकेट कुणाल ओझा ने बताया कि ज्ञापन में प्रसूताओं की मौत की उच्च स्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और महात्मा गांधी चिकित्सालय की चिकित्सा एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार की मांग की गई है।
कांग्रेस ने मृतक परिवारों को उचित आर्थिक सहायता देने, अस्पताल की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक समीक्षा कराने, चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के रिक्त पदों को तत्काल भरने, आधुनिक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने, जिम्मेदारी तय करने तथा जांच रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में सार्वजनिक करने की भी मांग की।
इस दौरान पूर्व नगर परिषद सभापति मंजू पोखरना, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहर) रेखा हिरण, नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक, राजेश चौधरी, मनोज पालीवाल, राजेंद्र जैन, किशन चौधरी, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष हमीद रंगरेज, भावेश पुरोहित, हारून रंगरेज, सत्यवीर सिंह सांकरिया, अनिल राठी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में शीघ्र सुधार नहीं किया गया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आमजन के हित में व्यापक जनआंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।