प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में झालावाड़ जिला प्रशासन ने एक प्रेरणादायक पहल की। संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अलग-अलग सरकारी वाहनों के बजाय एक ही बस में सवार होकर ग्राम कोलाना में आयोजित रात्रि चौपाल में पहुंचे।
प्रशासन की इस पहल ने आमजन का ध्यान आकर्षित किया। लोगों ने इसे पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और प्रशासनिक सादगी का सकारात्मक संदेश बताया। रात्रि चौपाल में शामिल होने से पहले अधिकारी निजी चार पहिया वाहनों के बजाय साइकिल और दुपहिया वाहनों से मिनी सचिवालय पहुंचे। इसके बाद सभी अधिकारी एक बस में सवार होकर ग्राम कोलाना के लिए रवाना हुए। कलेक्ट्रेट परिसर से बस रवाना होते समय यह दृश्य देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि समाज का हर वर्ग ऐसे छोटे-छोटे व्यवहारिक बदलाव अपनाए तो ईंधन की बड़ी बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
पढ़ें: बाइक सवार तीन लोगों को ट्रेलर ने रौंदा, तीनों की मौत; चालक फरार
संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि सामूहिक यात्रा का यह प्रयास केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य प्रदूषण में कमी लाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और सतत विकास की भावना को मजबूत करना भी है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर आमजन को जागरूक करने का प्रयास कर रहा है, ताकि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक स्वरूप दिया जा सके। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, उपखंड अधिकारी अभिषेक चारण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।